धर्मशाला नगर निगम में शपथ ग्रहण में देरी पर भाजपा का हल्ला बोल, मुख्यमंत्री और आयुक्त के पुतले फूंके
धर्मशाला नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों के शपथ ग्रहण में हो रही देरी को लेकर भाजपा समर्थित पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और नगर निगम आयुक्त के पुतले फूंककर सरकार पर राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोप लगाए।
धर्मशाला, 18 जून।
धर्मशाला नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों के शपथ ग्रहण में हो रही देरी को लेकर भाजपा समर्थित पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने वीरवार को स्मृद्धि भवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और नगर निगम आयुक्त के पुतले फूंककर अपना विरोध दर्ज करवाया।
जानकारी के अनुसार नगर निगम धर्मशाला के चुनाव 17 मई को संपन्न हुए थे, जबकि चुनाव परिणाम 31 मई को घोषित किए गए थे। इसके बावजूद अब तक नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण नहीं हो पाया है, जिससे पार्षदों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
भाजपा समर्थित पार्षदों का कहना है कि शपथ ग्रहण न होने के कारण वे अपने-अपने वार्डों की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे हैं। उनका आरोप है कि जनता अपनी समस्याएं लेकर उनके पास पहुंच रही है, लेकिन अधिकारिक प्रक्रिया पूरी न होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार पर नगर निगम के कार्यों में राजनीतिक हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है और विकास कार्यों को राजनीतिक चश्मे से देखा जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कोतवाली बाजार स्थित फव्वारा चौक पुनर्विकास परियोजना का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि विधायक निधि से करवाए गए कार्य का उद्घाटन मुख्यमंत्री के नाम की पट्टिका लगाकर किया गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है।
प्रदर्शन में भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष भवनेश चौधरी, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु, भाजपा समर्थित पार्षदों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। बाद में पुलिस ने जलते हुए पुतलों को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0