हमीरपुर। जिला हमीरपुर के किसानों के लिए राहत और खुशहाली की खबर है। बागवानी विभाग की पहल से जिले में पहली बार दो अत्याधुनिक कोल्ड स्टोर स्थापित किए गए हैं, जिससे अब किसानों की फल और सब्जियां लंबे समय तक सुरक्षित रह सकेंगी। यह सुविधा गांव डिडवीं के सुरेश कुमार और गांव दड़योटा के विजय पाल द्वारा बागवानी विभाग की योजना के तहत शुरू की गई है।
ये कोल्ड स्टोर पूरी तरह ऑटोमेटिक हैं और इन्हें सोलर ऊर्जा, बिजली व जनरेटर तीनों माध्यमों से संचालित किया जा सकता है। इससे किसानों को निर्बाध सुविधा मिलेगी। प्रत्येक कोल्ड स्टोर की लागत करीब 52 लाख रुपये है, जिसमें उद्यमियों को 26 लाख रुपये का अनुदान दिया गया है। कोल्ड स्टोर क्लस्टर क्षेत्रों के पास स्थापित किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें।
अक्तूबर से फरवरी तक फलों के भंडारण की योजना बनाई गई है। यहां फल और सब्जियों को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे उनकी गुणवत्ता बनी रहेगी। सबसे खास बात यह है कि किसानों को यह सुविधा बेहद कम शुल्क पर मिलेगी। किसान मात्र एक रुपये प्रति किलो प्रति माह की दर से अपनी उपज स्टोर कर सकेंगे।
एचपी शिवा प्रोजेक्ट के तहत हमीरपुर पहला जिला बना है, जहां यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इससे किसानों को बेहतर दाम मिलने के साथ-साथ उनकी आय में भी बढ़ोतरी होगी।