हमीरपुर (UP) में हैवानियत: मामूली विवाद में पत्नी की नाक चबा गया पति

हमीरपुर में मामूली विवाद के बाद पति ने पत्नी पर हमला किया। गंभीर हालत में महिला को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर, पुलिस ने केस दर्ज किया।

Apr 1, 2026 - 14:26
 0  99
हमीरपुर (UP) में हैवानियत: मामूली विवाद में पत्नी की नाक चबा गया पति

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में मामूली विवाद में पति गुस्से से इस कदर भड़का कि उसने पत्नी को पहले से डंडे से पीटा। फिर नाक और गाल चबा डाला। यह घटना राठ कोतवाली क्षेत्र के टोला गांव की है। चिकासी क्षेत्र के बिरहट गांव निवासी अली मुहम्मद ने अपनी बेटी का निकाह फूल खान के साथ किया था। आरोप है कि शादी के बाद बेटी कुछ समय तक ससुराल में अच्छी तरह से रही लेकिन बाद में उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। पिछले दिनों घर में किसी बात को लेकर जमकर विवाद हुआ। 
परिजनों के मुताबिक, फूल खान ने घर में पत्‍नी को पहले डंडे से जमकर पीटा। फिर मुंह से उसकी नाक चबा डाली। गाल पर भी गहरे घाव कर दिए। खून से लथपथ पत्नी को देख फूल खान मौके से भाग गया। परिजन गंभीर हालत में उसे नजदीक के सरकारी अस्पताल ले गए जहां डॉक्‍टरों ने आठ से ज्यादा टांके लगाकर मरहम पट्टी की। महिला की नाक का अगला हिस्सा कटकर गायब हो गया है। फिलहाल सीएचसी राठ से महिला को झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है।

घटना की सूचना पाते ही महिला का भाई अमरुद्दीन मौके पर पहुंचा। बहन की हालत देख वह रो पड़ा। उसने राठ कोतवाली में फूल खान और उसके पिता हबीब के खिलाफ तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

राठ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया की महिला को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कालेज भेजा गया है। महिला के पति फूल खान और ससुर हबीब के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0