लोकमित्र केंद्रों में भी बनेगा हिम बस कार्ड, 7 फरवरी तक बढ़ी तिथि
हिमाचल में अब लोकमित्र केंद्रों से भी हिम बस कार्ड बनेगा। 25 रुपये सेवा शुल्क तय, एचआरटीसी ने कार्ड बनाने की तिथि 7 फरवरी तक बढ़ाई।
हमीरपुर । राज्य सरकार ने लोकमित्र केंद्रों में भी हिम बस कार्ड बनाने का फैसला लिया है। इसके लिए प्रति कार्ड 25 रुपये शुल्क तय किया गया है। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने 19 अगस्त 2023 की अधिसूचना को संशोधित करते हुए लोकमित्र केंद्रों में एचआरटीसी की हिम बस कार्ड सेवा को भी शामिल कर दिया है। हिम बस कार्ड के आवेदन जमा करने पर लोकमित्र केंद्रों में 25 रुपये प्रति आवेदन सेवा शुल्क लिया जाएगा। यह शुल्क सभी करों सहित होगा और नागरिकों द्वारा देय रहेगा। इन दिनों प्रदेश के सभी बस अड्डों में हिम बस कार्ड बनाने की सुविधा दी जा रही है। बस अड्डों पर भारी भीड़ उमड़ने पर अब लोकमित्र केंद्रों में भी सेवा देने का फैसला लिया गया है।
वहीं हिमाचल पथ परिवहन निगम ने हिम बस कार्ड बनाने की तिथि को 7 फरवरी तक बढ़ा दिया है। पहले कार्ड बनाने की तिथि 31 जनवरी तक निर्धारित थी लेकिन यात्रियों की मांग पर निगम प्रबंधन की ओर से अब इस तिथि को 7 फरवरी तक बढ़ा दिया है। एचआरटीसी हमीरपुर मंडल के तहत अब तक करीब 17351 हिम बस कार्ड बन चुके हैं। हालांकि, मंडल के तहत करीब 20986 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 3635 लंबित हैं। बस अड्डों में हिम बस कार्ड लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। निगम प्रबंधन ने भी सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को लंबित कार्डों को भी जल्द से जल्द निकालने के दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बस अड्डे में स्थित पास काउंटरों का टाइम टेबल भी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। हमीरपुर बस अड्डा में दो कर्मचारी हिम बस कार्ड यात्रियों को दे रहे हैं।
सरकारी बसों में मुफ्त और रियायती यात्रा का लाभ उठाने के लिए पात्र लोगों को 236 रुपये का हिम बस कार्ड बनाया जा रहा है। हिम बस कार्ड की एकमुश्त लागत 200 रुपये और जीएसटी रखी गई है, जिसमें पहले वर्ष की रियायत शामिल होगी। दूसरे वर्ष से वार्षिक नवीनीकरण शुल्क 150 रुपये और जीएसटी देना होगा। कार्ड खो जाने या टूटने पर 200 रुपये और जीएसटी देकर नया कार्ड जारी किया जाएगा। इसकी वैधता एक वर्ष रहेगी और आगे वार्षिक नवीनीकरण आवश्यक होगा। एचआरटीसी मंडल हमीरपुर के मंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने कहा कि हिम बस कार्ड बनाने की तिथि को सात फरवरी तक बढ़ा दिया है। मंडल के तहत करीब 17351 हिम बस कार्ड बन चुके हैं। कार्ड बनाने में यात्री काफी रूझान दिखा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0