हिमाचल ने शिक्षा में रचा नया इतिहास! देश में 5वां स्थान, धर्मशाला में देवेन्द्र जग्गी का बड़ा ऐलान
धर्मशाला बी.एड कॉलेज के वार्षिक समारोह में पूर्व महापौर देवेन्द्र जग्गी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में हिमाचल ने देश में मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने कॉलेज की चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
संजीव भारद्वाज। धर्मशाला
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने एक बार फिर देशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। नैशनल एचीवमेंट टेस्ट-2025 में प्रदेश ने देश में 5वां स्थान हासिल किया है, जबकि वर्ष 2021 में यह स्थान 21वां था। शिक्षा क्षेत्र को और मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार ने इस वर्ष के बजट में 9,660 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
यह बात देवेन्द्र जग्गी ने धर्मशाला के बी.एड कॉलेज में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कॉलेज प्रबंधन और विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा क्षेत्र में व्यापक और सकारात्मक बदलाव किए जा रहे हैं। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, प्राथमिक शिक्षा को अंग्रेजी माध्यम में परिवर्तित करना, राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों की स्थापना और स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न लागू करना प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
देवेन्द्र जग्गी ने कहा कि छात्र जीवन भविष्य की दिशा तय करने का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान की गई मेहनत ही उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने हेतु डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत मात्र 1 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि कोई भी प्रतिभाशाली छात्र आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर देवेन्द्र जग्गी ने बी.एड कॉलेज धर्मशाला की चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि कॉलेज के प्रधानाचार्य ने वार्षिक उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर नीनू शर्मा, हरभजन चौधरी, अनुराग धीमान, संजीव शर्मा और हरीश चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0