बर्फबारी से चमके पहाड़, 7 जिलों में बारिश-हिमपात का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश से ठंड बढ़ी। 2-3 फरवरी को 7 जिलों में मौसम खराब रहने का अलर्ट, तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट।

Feb 2, 2026 - 12:37
 0  117
बर्फबारी से चमके  पहाड़, 7 जिलों में बारिश-हिमपात का अलर्ट

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी से जहां पहाड़ों की रौनक बढ़ गई है, वहीं मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के कारण ठंड का असर तेज हो गया है। शिमला जिले के कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर के अलावा चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में बर्फबारी दर्ज की गई है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 2 और 3 फरवरी को प्रदेश के सात जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में बारिश होने के आसार हैं, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी 24 से 48 घंटों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

बर्फबारी के चलते जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई संपर्क मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। वहीं, राहत की बात यह है कि 4 और 5 फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि, 5 फरवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत हैं, जिससे 6 फरवरी को एक बार फिर मौसम बिगड़ सकता है।

तापमान में आई गिरावट

मौसम के बदले मिजाज के साथ प्रदेश में तापमान में भी स्पष्ट गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान शिमला में 3.6 डिग्री, सुंदरनगर 9.2, भुंतर 8.2, धर्मशाला 3.0, ऊना 7.5, नाहन 8.0, पालमपुर 6.0 और सोलन 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। कल्पा में न्यूनतम तापमान -0.4, कुकुमसेरी में -3.1 और तबो में -3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

कहां कितनी बारिश और बर्फबारी

बारिश की बात करें तो मनाली में 10.0 मिमी, सुजानपुर टीरा में 7.8 मिमी, सराहन में 7.3 मिमी, शिमला में 4.2 मिमी और सोलन में 3.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा नादौन, संधोल, स्लैपर और नाहन सहित कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। वहीं बर्फबारी में शिमला जिले के शिल्लारू और कोठी में 5.0 सेमी, कुफरी में 4.0 सेमी, गोंधला में 3.0 सेमी, खदराला में 2.5 सेमी और सांगला में 2.1 सेमी हिमपात रिकॉर्ड किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0