कांगड़ा : गाड़ी छोड़ फरार, अवैध शराब बरामद
कांगड़ा के ज्वालामुखी में गाड़ी से अवैध शराब बरामद, चालक मौके से फरार। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया। जांच जारी।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो । कांगड़ा
जिला कांगड़ा के ज्वालामुखी क्षेत्र में अवैध रूप से शराब ले जाने का मामला सामने आया है। बुधवार को भैरव बाबा मंदिर रोड के पास एक युवक पुलिस और स्थानीय लोगों के डर से अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, ज्वालामुखी के गुम्मर रोड पर एक वाहन (एचपी 36बी 1593) में अवैध शराब की खेप लाई जा रही थी। गाड़ी में कुल 8 पेटियां शराब की थीं, जिनमें एक पेटी बियर, पांच देशी शराब और दो पेटियां अंग्रेजी शराब की शामिल थीं। इसी दौरान स्थानीय शराब ठेकेदारों की नजर इस वाहन पर पड़ गई। उन्हें शक होने पर उन्होंने गाड़ी का पीछा किया।
पीछा होते देख वाहन चालक घबरा गया और भैरव बाबा मंदिर रोड के पास गाड़ी को छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद ठेकेदारों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी की तलाशी लेकर अवैध शराब को कब्जे में ले लिया और वाहन के नंबर के आधार पर मालिक की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस जांच के दौरान कुलदीप (पुत्र प्यार चंद, उम्र 28 वर्ष) को इस मामले में हिरासत में लिया गया है। साथ ही पुलिस ने संबंधित वाहन को भी जब्त कर लिया है।
मामले की पुष्टि एसपी देहरा मयंक चौधरी ने की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0