कलयुगी बेटे की हैवानियत, मां-बहन को पीटा
कांगड़ा के कोटला में युवक ने मां और बहन को पीटा, दोनों घायल। पुलिस जांच जारी, मेडिकल रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। जसूर (कांगड़ा)
कांगड़ा जिले के नूरपुर पुलिस जिला के कोटला थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी विधवा मां और बीच-बचाव करने आई बड़ी बहन के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना करीब एक सप्ताह पहले की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने अपनी मां पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। जब बड़ी बहन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल नूरपुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद मां को छुट्टी दे दी गई है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपी केंद्र सरकार के एक विभाग में कार्यरत है और उसका व्यवहार पहले से ही आक्रामक रहा है। बताया गया है कि वह पहले भी अपनी मां के साथ मारपीट कर चुका है।
डरे-सहमे परिवार ने कोटला थाना में शिकायत दर्ज कर सुरक्षा और न्याय की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने पर धर्म चंद वर्मा ने पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
वहीं, कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0