कुल्लू- लाहुल में फिर बर्फबारी का कहर, माइनस 21 तक गिरा तापमान
कुल्लू और लाहुल-स्पीति में फिर बदला मौसम। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश, तापमान माइनस 21 डिग्री तक लुढ़का।
कुल्लू। कुल्लू जिला और जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। रविवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। लाहुल-स्पीति में तापमान शून्य से नीचे गिरकर माइनस 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कड़ाके की ठंड के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
कुल्लू-मनाली की पहाड़ियों पर भी सुबह से ही बर्फबारी जारी है। पर्यटन नगरी मनाली, सोलंगनाला, रोहतांग दर्रा, राहनीनाला, मढ़ी, गुलाबा, भृगु तुंग, चंद्रखणी, हामटा पास, बिजली महादेव, मणिकर्ण घाटी सहित सैंज-बंजार की तमाम चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। जलोड़ी पास में भी दोबारा बर्फबारी शुरू हो गई है, जिसके चलते औट-लुहरी राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पहले से ही बंद पड़ा है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन को अलर्ट कर दिया है। उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने बताया कि जिलेभर में सड़कों की बहाली का कार्य लगातार जारी है, हालांकि बर्फबारी के कारण कई मार्ग फिर से बंद हुए हैं।
प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अधिक ऊंचाई और बर्फीले क्षेत्रों की यात्रा से बचें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। किसी भी आपात स्थिति में 1077 पर संपर्क करने की अपील की गई है। लगातार गिरते तापमान के कारण प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0