मिनर्वा में JEE टॉपर्स का भव्य सम्मान समारोह
घुमारवीं के मिनर्वा स्टडी सर्कल में JEE Mains टॉपर्स का सम्मान। 99.63 पर्सेंटाइल सहित कई छात्रों ने किया शानदार प्रदर्शन।
सुमन महाशा। कांगड़ा
मिनर्वा स्टडी सर्कल में बुधवार को एक भव्य समारोह का आयोजन कर जेईई मेन्स परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों को तिलक लगाकर तथा फूलमालाओं से सम्मानित किया गया और उनकी कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि संस्थान के संस्थापक प्रवेश चंदेल उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जेईई मेन्स जैसा कठिन परीक्षा परिणाम एक दिन की मेहनत का नतीजा नहीं होता, बल्कि यह लंबे समय की निरंतर साधना, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि हर सफलता के पीछे विद्यार्थियों की मेहनत के साथ-साथ उनके माता-पिता का त्याग, मार्गदर्शन और शिक्षकों का समर्पण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उपलब्धियों की सीढ़ियां जीवन में कभी समाप्त नहीं होतीं, बल्कि हर मुकाम के बाद एक नई चुनौती और नया लक्ष्य सामने आता है। इसलिए निरंतर सीखते रहना और आगे बढ़ते रहना ही सफलता की कुंजी है।
संस्थान के सीएमडी राकेश चंदेल ने भी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस वर्ष भी जेईई मेन्स के परिणामों में संस्थान के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल विद्यार्थियों की ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता और शिक्षकों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। संस्थान सदैव विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान के छात्र आदित्य ने 99.63 पर्सेंटाइल प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया, जो संस्थान के लिए अत्यंत गौरव की बात है। इसके अतिरिक्त 70 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 से अधिक पर्सेंटाइल प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि तीन छात्रों ने 99 से अधिक पर्सेंटाइल अर्जित कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। इन परिणामों ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि संस्थान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मजबूत आधार प्रदान कर रहा है।
समारोह के दौरान मेधावी विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0