खोली मेले में मुनीश शर्मा का बड़ा ऐलान, कबड्डी खिलाड़ियों को मिलेगा खेल मैट; रोजगार पर भी दिया बड़ा संदेश
कांगड़ा के खोली में आयोजित पारंपरिक मेले में भाजपा नेता एवं प्रदेश बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष मुनीश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कबड्डी खिलाड़ियों के लिए खेल मैट उपलब्ध करवाने की घोषणा की और युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के अपने प्रयासों की जानकारी दी।
सुमन महाशा। कांगड़ा
कांगड़ा के समीप खोली में आयोजित पारंपरिक मेले में भाजपा नेता, समाजसेवी एवं प्रदेश बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष मुनीश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर समाजसेवी राजेश परयाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे। मेला कमेटी ने दोनों अतिथियों का शॉल और हिमाचली टोपी पहनाकर भव्य स्वागत किया।
मेले के दौरान आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में मुनीश शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और मुकाबलों का आनंद लिया। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खेलों के प्रति समर्पण और कड़ी मेहनत का परिचय दे रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम मैदानों में दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि खोली के मैदान में भी खिलाड़ी पूरे जोश और लगन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों और आयोजकों की मेहनत से प्रभावित होकर मुनीश शर्मा ने मेला कमेटी को कबड्डी के लिए खेल मैट उपलब्ध करवाने की घोषणा की। साथ ही विजेता टीम को 5100 रुपये और उपविजेता टीम को 3100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया।
प्रतियोगिता में नादौन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 अंकों के साथ विजेता का खिताब जीता, जबकि अर्ला की टीम 14 अंकों के साथ उपविजेता रही।
इस दौरान मुनीश शर्मा ने युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि हिमाचल के युवाओं को प्रदेश में ही बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से वे कई वर्षों से रोजगार मेलों का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 3600 से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल चुका है, जो जिला कांगड़ा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें और अपने तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने बताया कि जल्द ही एक और बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसकी विस्तृत जानकारी पत्रकार वार्ता के माध्यम से साझा की जाएगी।
मुनीश शर्मा ने बताया कि खोली मेले का मुख्य आकर्षण भव्य छिंज प्रतियोगिता रहेगी। इस अवसर पर मेला कमेटी के रिंकू चौधरी, हरबंस लाल, नरेंद्र कुमार, चमन लाल, अविनाश, लक्की, राहिल, कुलवंत और साहिल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मेला कमेटी ने उनके सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0