नादौन में पूर्व पंचायत प्रधान की अचानक मौत, रजोल पुल के पास मिला शव
नादौन के रजोल पुल के पास बैहरड़ पंचायत के पूर्व प्रधान ज्योति प्रकाश शर्मा मृत पाए गए, हृदयघात से मौत की आशंका।
नादौन । नादौन थाना क्षेत्र के अंतर्गत रजोल पुल के समीप बैहरड़ पंचायत के पूर्व प्रधान ज्योति प्रकाश शर्मा का शव मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्रारंभिक तौर पर उनकी मौत का कारण अचानक हृदयघात माना जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्योति प्रकाश शर्मा घर से अपनी स्कूटी पर किसी निजी कार्य के लिए निकले थे। रजोल पुल के पास उन्होंने स्कूटी सड़क किनारे खड़ी की और कुछ दूरी आगे बढ़े, जहां वे अचानक गिर पड़े।
जब स्थानीय लोगों ने उन्हें सड़क किनारे बेसुध अवस्था में देखा तो आसपास भीड़ जमा हो गई। पहचान होने के बाद तुरंत उनके परिजनों को सूचना दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें घर ले गए, जहां उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई। इस संबंध में थाना प्रभारी नादौन निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस को औपचारिक सूचना नहीं दी गई है, फिर भी पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।
ज्योति प्रकाश शर्मा बैहरड़ पंचायत के पूर्व प्रधान रह चुके थे और क्षेत्र में एक सामाजिक एवं मिलनसार व्यक्ति के रूप में पहचाने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन से पंचायत क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0