नादौन के वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप शर्मा का निधन, जांच शुरू
नादौन के वरिष्ठ पत्रकार व पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रदीप शर्मा की सीढ़ियों से गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, परिजनों ने उठाए सवाल।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो, नादौन।
नादौन प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप शर्मा के असमायिक निधन से क्षेत्र भर में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रदीप शर्मा (उम्र 57 वर्ष) निवासी गांव बेला शनिवार रात अपने दोस्त टैक्सी यूनियन नादौन के पूर्व प्रधान परविंदर कटोच के साथ क्रिकेट स्टेडियम के निकट एक दुकान के लैंटर से सीढ़ियां उतर रहे थे, जहां से अचानक पैर फिसलने के कारण दोनों नीचे आ गिरे। इस दुर्घटना में परविंदर कटोच को भी काफी चोटें आई हैं। कटोच ने बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे यह दुर्घटना हुई और एक दूसरे को बचाने के चक्कर में दोनों नीचे आ गिरे जिसमें शर्मा सीमेंटेड गली पर सिर के बल गिर गए। शर्मा के सिर के पीछे की ओर गहरी चोट लगी थी। सूचना मिलते ही गांव के युवाओं ने दोनों घायलों को तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया, जहां प्रदीप शर्मा को मृत घोषित कर दिया गया और कटोच को टांडा रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने मौत के कारणों पर उठाए सवाल
हालांकि शर्मा के परिजनों ने मौत के कारणों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मौका पर तीन चार लोग और भी उपस्थित थे। प्रदीप शर्मा के भाई एवं वरिष्ठ भाजपा नेता पवन शर्मा ने मांग की है कि मामले की गहन जांच होनी चाहिए। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच आरंभ कर दी है। शनिवार सुबह एएसपी हमीरपुर राजेश शर्मा तया डीएसपी नादौन गौरवजीत सिंह आईपीएस ने स्वयं मौका पर पहुंच कर गहन निरीक्षण किया। उनकी उपस्थिति में फोरेंसिक की टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर इसे परिजनों को सौंप दिया। रविवार दोपहर भारी संख्या में उपस्थित लोगों ने बेला के मोक्ष धाम पर प्रदीप शर्मा को अंतिम विदाई दी। उनके बेटे बिशु ने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। इस दौरान पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री सहित अन्य नेता व गणमान्य उपस्थित रहे। शर्मा अपने पीछे पत्नी, बेटी और बेटा छोड़ गए हैं। प्रदीप शर्मा के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद सिकंदर कुमार, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री सहित अन्य नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है। इस संबंध में एएसपी राजेश शर्मा ने कहा कि मामला दर्ज करके सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर जांच आरंभ कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0