पालमपुर में पशुपालकों को बड़ी सौगात! 20 उन्नत गद्दी बकरे वितरित, आय बढ़ाने पर फोकस
पालमपुर में विधायक आशीष बुटेल ने पशुपालकों को उन्नत नस्ल के 20 गद्दी बकरे वितरित किए। सरकार द्वारा पशुपालकों की आय बढ़ाने और नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पालमपुर।
पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार पशुपालकों के हितों को सुरक्षित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशु उपलब्ध करवाने और पशु उत्पादों पर उचित समर्थन मूल्य देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
यह बातें उन्होंने चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर द्वारा आयोजित बकरी नस्ल सुधार कार्यक्रम के दौरान कहीं, जहां प्रवासी पशुपालक किसानों को उन्नत गद्दी नस्ल के 20 बकरे वितरित किए गए।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा वर्ष 2010 से अब तक 300 से अधिक उच्च गुणवत्ता वाले प्रजनन बकरे वितरित किए जा चुके हैं, जिससे आनुवंशिक सुधार, झुंड की उत्पादकता में वृद्धि और पशुपालकों की आजीविका में सुधार हुआ है।
आशीष बुटेल ने आश्वासन दिया कि विधायक निधि से पशुपालकों को इलेक्ट्रिक शियरिंग मशीन उपलब्ध करवाने के लिए भी उचित कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. ए. के. पांडा ने कहा कि वैज्ञानिक प्रजनन तकनीकों के माध्यम से स्थानीय नस्लों के प्रदर्शन को बेहतर बनाया जा सकता है, जिससे पशुपालकों की आय में वृद्धि होती है।
वहीं डॉ. सुभाष वर्मा ने उच्च गुणवत्ता वाले बकरों के उपयोग से प्रजनन क्षमता और झुंड के समग्र प्रदर्शन में सुधार पर जोर दिया।
यह कार्यक्रम इंटरनेशनल ईयर ऑफ रेंजलैंड्स एंड पास्टोरलिस्ट्स 2026 के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य चरागाह आधारित आजीविका प्रणालियों के महत्व को उजागर करना है।
कार्यक्रम में प्रधान अन्वेषक डॉ. निशांत वर्मा सहित उनकी टीम भी उपस्थित रही। इस दौरान किसानों के साथ संवाद सत्र आयोजित कर बकरी पालन से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की गई।
इसके अलावा किसानों को चारा अनुपूरक एवं अन्य आवश्यक सामग्री से युक्त किट भी वितरित की गई, जिससे पशुधन प्रबंधन को और मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0