धर्मशाला और पंचायत चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका! पवन काजल बोले- जनता ने झूठी गारंटियों का दिया जवाब
भाजपा उपाध्यक्ष एवं विधायक पवन काजल ने धर्मशाला नगर निगम और पंचायती राज चुनावों में भाजपा की सफलता को जनता का कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश बताया। उन्होंने कहा कि लोगों ने अधूरे वादों और झूठी गारंटियों का जवाब मतदान के जरिए दिया है।
सुमन महाशा। कांगड़ा
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं कांगड़ा के विधायक पवन काजल ने धर्मशाला नगर निगम और पंचायती राज चुनावों के परिणामों को कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश बताया है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में मिली भाजपा की सफलता ने प्रदेश सरकार की लोकप्रियता की वास्तविक स्थिति को उजागर कर दिया है।
पवन काजल ने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस द्वारा महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने और युवाओं को सरकारी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाने जैसे वादे किए गए थे, लेकिन इन्हें पूरा नहीं किया गया। उनका दावा है कि चुनावों में जनता ने इन्हीं अधूरे वादों और कथित झूठी गारंटियों का जवाब मतदान के माध्यम से दिया है।
धर्मशाला नगर निगम चुनाव में भाजपा के चुनाव प्रभारी रहे काजल ने कहा कि 11 नगर पार्षदों की जीत के साथ भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। उन्होंने इसे धर्मशाला की जनता द्वारा प्रदेश सरकार को दिया गया एक सशक्त राजनीतिक संदेश बताया।
काजल ने कहा कि पंचायती राज चुनावों के दौरान प्रदेश सरकार ने कई लोकलुभावन घोषणाएं कीं, लेकिन जनता अब केवल घोषणाओं के बजाय धरातल पर काम देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने विकास और विश्वास के आधार पर अपना निर्णय दिया है।
उन्होंने दावा किया कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र की 44 ग्राम पंचायतों में से 32 पंचायत प्रधान और 38 उपप्रधान भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए हैं। इसके लिए उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
पवन काजल ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को इससे भी बड़ी राजनीतिक चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के साथ कांगड़ा स्थित माता श्री ब्रजेश्वरी मंदिर में माथा टेककर भाजपा के मिशन 2027 की औपचारिक शुरुआत की जाएगी।
रविवार को कई नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने मटौर स्थित विधायक कार्यालय पहुंचकर पवन काजल से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0