प्रागपुर में बैसाखी व महाशिवरात्रि मेला 2026 की तैयारियों पर बड़ा फैसला
प्रागपुर में राज्य स्तरीय बैसाखी व महाशिवरात्रि मेला 2026 की तैयारियों को लेकर मंदिर न्यास की बैठक, सुरक्षा, स्वच्छता व सुविधाओं पर अहम निर्णय।
प्रागपुर। श्री काली नाथ कालेश्वर मंदिर न्यास, प्रागपुर में राज्य स्तरीय बैसाखी मेला 2026 और महाशिवरात्रि मेला की तैयारियों को लेकर आज खंड विकास अधिकारी प्रागपुर के कार्यालय कक्ष में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंदिर अधिकारी एवं नायब तहसीलदार प्रागपुर बलविंदर सिंह पठानिया ने की। बैठक में मंदिर न्यास के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के दौरान मंदिर अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि मेला 14 फरवरी 2026 से 16 फरवरी 2026 तक श्रद्धा से मनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंच तीर्थी क्षेत्र में महिला पुलिस की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त मंदिर परिसर एवं पंच तीर्थी क्षेत्र की आकर्षक सजावट की जाएगी तथा श्रद्धालुओं के स्नान एवं सुविधा हेतु प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि के दौरान लंगर आयोजन हेतु इच्छुक श्रद्धालुओं के आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन्हें नियमानुसार प्रशासनिक अनुमति प्रदान की जाएगी। साथ ही श्री कालेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में अतिरिक्त डस्टबिन लगाने तथा स्नान के उपरांत कपड़े रखने के लिए बड़े डस्टबिन की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। बैठक में मंदिर में कार्यरत चौकीदार एवं सफाई कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि पर भी चर्चा की गई, जिस पर उपस्थित सदस्यों ने सहमति व्यक्त की।
बैठक में हवन कुंड पर छत निर्माण, सीसीटीवी कैमरे लगाने, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे विकासात्मक कार्यों पर भी निर्णय लिए गए। सभी कार्यों को बजट प्रावधान के अनुरूप करने पर सहमति बनी। इसके अतिरिक्त मंदिर के सालाना बजट निर्माण पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले चढ़ावे की सामग्री का रिकॉर्ड रखने एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यों के लिए एक मल्टी टास्क वर्कर की नियुक्ति करने का भी निर्णय लिया गया। अंत में अध्यक्ष महोदय ने सभी संबंधित विभागों एवं मंदिर न्यास सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेलों को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने का आह्वान किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0