मंदोली छिंज मेले में कृषि मंत्री की बड़ी घोषणाएं! दंगल स्थल के विकास और हैंडपंप लगाने का ऐलान
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने मंदोली छिंज मेले के समापन समारोह में शिरकत कर दंगल स्थल के विकास, इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने और हैंडपंप लगाने की घोषणा की। उन्होंने मेलों को ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं का संरक्षक बताया।
रघुनाथ शर्मा। नूरपुर
कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने जय पीर बाबा मंदोली में आयोजित छिंज मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर आयोजित दंगल में प्रदेश तथा बाहरी राज्यों से आए नामी पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
अपने संबोधन में प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि पारंपरिक मेले, उत्सव और सांस्कृतिक आयोजन हमारी ग्रामीण संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मेलों के आयोजन से जहां हमारी सांस्कृतिक पहचान मजबूत होती है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी और क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने दंगल स्थल तक जाने वाले संपर्क मार्ग तथा दंगल स्थल (स्टेडियम) के चारों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने की घोषणा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र अनुमान तैयार कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इसके अलावा उन्होंने मेला स्थल पर पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए हैंडपंप स्थापित करने की संभावना पर भूजल परीक्षण करवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यदि पर्याप्त जलस्तर उपलब्ध पाया गया तो वहां हैंडपंप स्थापित किया जाएगा।
समारोह के दौरान मेला कमेटी ने मुख्य अतिथि प्रो. चंद्र कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया, कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी, मेला कमेटी प्रधान ठाकुर जर्म सिंह, उपाध्यक्ष हंसराज शर्मा, मिंटू शर्मा, डॉ. सुशील शर्मा, बलवान सिंह, संजय पठानिया, बीर सिंह, संजीव पधेड़िया, पुनीत महाजन सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0