सुक्खू सरकार पर राकेश जमवाल का बड़ा हमला! बोले- विकास ठप, सिर्फ टैक्स वसूली में जुटी कांग्रेस सरकार

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने निहरी में जनसभा के दौरान सुक्खू सरकार पर विकास कार्यों को ठप करने और युवाओं को रोजगार देने वाली योजनाओं को आगे न बढ़ाने का आरोप लगाया।

Jun 21, 2026 - 21:46
 0  9
सुक्खू सरकार पर राकेश जमवाल का बड़ा हमला! बोले- विकास ठप, सिर्फ टैक्स वसूली में जुटी कांग्रेस सरकार

रोहित कौशल। सुंदरनगर

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक राकेश जमवाल ने निहरी क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं और सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय नए-नए कर लगाकर लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने में व्यस्त है।

राकेश जमवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं और योजनाएं स्वीकृत की गई थीं, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार उन योजनाओं को आगे बढ़ाने में कोई रुचि नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं से युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद थी, उन्हें शुरू नहीं किया जा रहा है और पहले से स्वीकृत योजनाओं को भी अनावश्यक रूप से लंबित रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शुरू की थीं, लेकिन वर्तमान सरकार की उदासीनता के कारण उन योजनाओं का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने दावा किया कि छोटे व्यवसायी और स्वरोजगार से जुड़े लोग भी सरकार की नीतियों से परेशान हैं।

मंडी जिले में दूध उत्पादकों की समस्या का उल्लेख करते हुए जमवाल ने कहा कि सैकड़ों लीटर दूध मिल्क प्लांट के बाहर बहाना पड़ा, जिससे सरकार के 100 लीटर तक दूध खरीदने की गारंटी के दावों की वास्तविकता सामने आ गई है। उन्होंने सरकार से किसानों, पशुपालकों और छोटे व्यवसायियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली को समझ चुकी है और विकास कार्यों की धीमी गति तथा जनसमस्याओं की अनदेखी का जवाब आने वाले समय में जनता स्वयं देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के विकास और जनहित के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर किया योग

इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राकेश जमवाल ने सुन्दरनगर के कालीबाड़ी मंदिर परिसर में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसने पूरे विश्व को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा दी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज करोड़ों लोग इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0