सकोह में 33 करोड़ का स्केटिंग रिंक, देवेन्द्र जग्गी ने किया निरीक्षण
धर्मशाला के सकोह में 33 करोड़ की लागत से बन रहे आइस व रोलर स्केटिंग रिंक का देवेन्द्र जग्गी ने निरीक्षण किया, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा।
संजीव भारद्वाज। धर्मशाला
धर्मशाला के पूर्व महापौर देवेन्द्र जग्गी ने आज सकोह क्षेत्र में प्रस्तावित आइस स्केटिंग एवं रोलर स्केटिंग रिंक परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना लगभग 33 करोड़ रुपए की लागत से विकसित की जा रही है, जो धर्मशाला के खेल, पर्यटन और आधारभूत ढांचे को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक अहम कदम है। निरीक्षण के दौरान जग्गी ने बताया कि परियोजना के तहत आइस स्केटिंग के साथ-साथ रोलर स्केटिंग के लिए भी विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
परियोजना के साथ ही लगभग 150 गाड़ियों की पार्किंग सुविधा भी विकसित की जा रही है, जिससे आयोजनों और पर्यटक आवागमन के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन सुचारु रहेगा। यह सुविधा दर्शकों और पर्यटकों के लिए अतिरिक्त सहूलियत प्रदान करेगी। जग्गी ने कहा कि इस रिंक के निर्माण से पर्यटन को उल्लेखनीय बढ़ावा मिलेगा। धर्मशाला अपनी प्राकृतिक सुंदरता, खेल संस्कृति और साहसिक गतिविधियों के लिए पहले से ही प्रसिद्ध है ऐसे में यह परियोजना शहर को स्पोर्ट्स टूरिज़्म हब के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगी। इससे स्थानीय रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे और होटल, परिवहन व अन्य सेवा क्षेत्रों को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन सेंटर भी विकसित किया जा रहा है। यह कन्वेंशन सेंटर वैश्विक सम्मेलनों, सांस्कृतिक आयोजनों और व्यावसायिक बैठकों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे धर्मशाला की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी।
जग्गी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0