कसौली में पति ने पत्नी को मौत के घाट उतारा , पति गिरफ्तार
सोलन जिले के कसौली क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद पति ने पत्नी की चाकू से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।
सोलन : जिला के कसौली क्षेत्र के अंतर्गत शनोगी गांव में एक पति ने अपनी पत्नी को मामूली घरेलू विवाद के बाद कथित तौर पर चाकू मार कर मौत के घाट उतारने का मामला प्रकाश में आया है ।
पुलिस चौकी कुठाड़ को गांव शनोगी निवासी से सूचना प्राप्त हुई कि चतर सिंह की पत्नी सुमन ने उस पर चाकू से कथित तौर पर हमला कर दिया है और स्वयं को कमरे में बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी कुठाड़ की टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पाया गया कि चतर सिंह की पत्नी सुमन उम्र 38 वर्ष अपने कमरे में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। मृतका के गले और शरीर पर तेजधार हथियार से लगे गंभीर घाव पाए गए। घटना के संबंध में मौके पर मौजूद पूजा निवासी डाकखाना शामती, तहसील व जिला सोलन ने पुलिस को बयान दर्ज करवाया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि सुमन और उसके पति चतर सिंह के बीच झगड़ा हुआ है, जिसके बाद वह परिजनों सहित गांव शनोगी पहुंचीं।
पूजा ने पुलिस को बताया कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उनकी ननद सुमन की हत्या उसके पति चतर सिंह द्वारा की गई है। इस बयान के आधार पर हत्या की धारा 103 बीएनएस के तहत थाना कसौली में मामला दर्ज किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल और शव का निरीक्षण फोरेंसिक विशेषज्ञ टीम द्वारा करवाया गया। मौके से वारदात में प्रयुक्त एक चाकू और एक कैंची को पुलिस ने कब्जे में लिया। उपमंडल पुलिस अधिकारी परवाणू द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है।
जांच के दौरान गवाहों और संदिग्धों से पूछताछ के बाद यह पुष्टि हुई कि हत्या आरोपी पति चतर सिंह ने की है। पुलिस ने आरोपी चतर सिंह पुत्र पाल सिंह उम्र 43 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0