बद्दी में ट्रांसफार्मर से स्पार्किंग, 2 कारें जलीं
बद्दी के बसंती बाग मार्केट में ट्रांसफार्मर से स्पार्किंग के बाद 2 कारों में आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने समय रहते काबू पाया, बड़ा हादसा टला।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। बद्दी
नगर निगम बद्दी के वार्ड नंबर-8 स्थित बसंती बाग मार्केट में सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पार्किंग में लगे एक बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक स्पार्किंग हो गई। इस दौरान ट्रांसफार्मर के नीचे खड़ी दो कारें आग की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर के नीचे एक ऑल्टो और एक ब्रेजा कार खड़ी थी। अचानक ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलीं, जो सीधे कारों पर गिरीं और आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग लगते ही पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं।
लीडिंग फायरमैन दयाल चंद ने बताया कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो पास की दुकानें और रिहायशी इलाके भी इसकी चपेट में आ सकते थे। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0