सोलन में धारदार हथियार से हमला, 20 गिरफ्तार
सोलन में धारदार हथियारों से हमला कर तीन युवक घायल। पुलिस ने CCTV के आधार पर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया, पुराना विवाद बताया जा रहा कारण।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। सोलन
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में धारदार हथियारों से हमला कर तीन युवकों को घायल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में इस हमले के पीछे पुराना विवाद सामने आ रहा है। पुलिस के अनुसार, घायलों की पहचान हर्ष (23), ललित किशोर (23) और ललित कुमार (26) के रूप में हुई है। घटना शनिवार को एक बालिका विद्यालय के पास शुरू हुई, जहां शिकायतकर्ता के चचेरे भाई को कुछ लोगों ने घेर लिया और विवाद बढ़ गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब वह अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा और अपने भाई को छुड़ाकर वहां से निकलने लगा, तो धोबीघाट कॉलोनी के पास 15 से 20 लोगों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें तीनों युवक घायल हो गए। घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल ललित कुमार को शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी थिरुमाला राजू एसडी वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह झड़प पुराने विवाद का परिणाम प्रतीत हो रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0