चेस्टर हिल केस में बड़ा खुलासा, किसान पर शक
सोलन के चेस्टर हिल मामले में बड़ा खुलासा, सीमित आय वाले किसान ने करोड़ों की जमीन खरीदी, जांच में कई सवाल खड़े।
रोज़ाना हिमाचल ब्यूरो। सोलन
चेस्टर हिल मामले में नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं, जिसने पूरे प्रकरण को और संदिग्ध बना दिया है। ताजा जांच में सामने आया है कि एक कृषक, जिसकी वार्षिक आय वर्ष 2017 तक करीब 6 लाख रुपये थी, उसने कुछ ही वर्षों में करोड़ों रुपये की 275 बीघा जमीन खरीद ली। यह जमीन कसौली क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर उसकी पत्नी और दो बहनों के नाम पर खरीदी गई है।
एसडीएम द्वारा की गई जांच में आयकर रिटर्न के आंकड़ों ने इस लेन-देन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के अनुसार वर्ष 2014-15, 2015-16 और 2016-17 के दौरान उक्त कृषक की औसत आय लगभग 6 लाख रुपये प्रतिवर्ष थी, जो 2019-20 से 2021-22 के बीच बढ़कर करीब 12 लाख रुपये सालाना तक पहुंच गई।
हालांकि, आय में इस वृद्धि के बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में जमीन खरीदना और करीब आठ करोड़ रुपये का बैंक ऋण लेकर उसका समय से पहले भुगतान करना संदेह के घेरे में है। विशेषज्ञों का मानना है कि सीमित आय वाले व्यक्ति के लिए इतने बड़े वित्तीय लेन-देन को अंजाम देना आर्थिक रूप से असंभव प्रतीत होता है।
इस परियोजना के तहत इन जमीनों पर चेस्टर हिल के नए फ्लैट बनाए जाने की योजना थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त सोलन ने संबंधित क्षेत्रों के तहसीलदारों से सभी जमीनों का रिकॉर्ड तलब किया है।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बताया कि खरीदी गई जमीन की कीमत और उसकी वास्तविक बाजार मूल्य की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0