तरकेड़ी में शिव कथा पर उमड़ा जनसैलाब, गूंजे जयकारे

नादौन के तरकेड़ी गांव में शिव महापुराण कथा के आठवें दिन भारी भीड़ उमड़ी। महाशिवरात्रि की महिमा पर व्यास रामानंद जी ने भावपूर्ण प्रवचन दिए।

Feb 14, 2026 - 20:13
 0  27
तरकेड़ी में शिव कथा पर उमड़ा जनसैलाब, गूंजे जयकारे

नादौन । नादौन के तरकेड़ी गांव में आयोजित शिव महापुराण कथा के आठवें दिन भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ कथा स्थल पर उमड़ पड़ी तथा भजन-कीर्तन और “हर-हर महादेव” के जयघोष से संपूर्ण वातावरण शिवमय हो उठा।

महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने श्रद्धापूर्वक शिवकथा का श्रवण करके आध्यात्मिक लाभ अर्जित किया। व्यास पीठ पर विराजमान श्रद्धेय व्यास रामानंद जी ने इस अवसर पर भगवान शिव के करुणामय स्वरूप, त्याग, सरलता एवं धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हुए अत्यंत ओजस्वी और भावपूर्ण व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने शिवपुराण की दिव्य कथाओं के माध्यम से जीवन में सत्य, संयम, सेवा और सदाचार के महत्व को सरल भाषा में समझाया। व्यास जी ने अपने प्रवचन में आगामी महाशिवरात्रि पर्व की विशेष महिमा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह दिवस भगवान शिव की आराधना का सर्वोत्तम अवसर है। इस दिन उपवास, रुद्राभिषेक, रात्रि जागरण एवं शिव नाम स्मरण से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शुद्धि का संचार होता है।

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर शिव भक्ति में लीन होने का आह्वान किया। बता दें कि आठवें दिन की शिवकथा में मुख्य यजमान की भूमिका मुंबई में अपना व्यवसाय करने वाले कमराज शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी संतोष कुमारी ने श्रद्धा के साथ निभाई। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ दिन का समापन हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0