वह दिन दूर नहीं जब सुधीर शर्मा भाजपा से भी करेंगे गद्दारीः जग्गी

May 17, 2024 - 21:03
May 17, 2024 - 21:15
 0  333
वह दिन दूर नहीं जब सुधीर शर्मा भाजपा से भी करेंगे गद्दारीः जग्गी

मुनीश धीमान। धर्मशाला

जग्गी ने सुधीर पर कसा तंज, भरोसे लायक नहीं सुधीर  | धर्मशाला की जनता कांग्रेस के साथ 

सुधीर शर्मा ने धर्मशाला नगर निगम निर्माण के दौरान लोगों के विरोध के बावजूद जबरदस्ती खनियारा, सकोह और सिद्धपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों को निगम में शामिल कर दिया लेकिन सिद्धपुर से महज 50 मीटर दूर अपने घर को निगम से बाहर रखा। हालात यह हो गए हैं ग्रामीणों को एक पशुशाला तक बनाने में भी दिक्कतें आ रही हैं। छोटे से छोटे निर्माण कार्य के लिए उन्हें नक्शे अप्रूव करवाने पड़ रहे हैं, इससे ग्रामीणों पर अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ रहा है। यह बात शुक्रवार को आायोजित विभिन्न नुक्कड़ सभाओं के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र सिंह जग्गी ने कही। उन्होंने अपने चुनाव प्रचार को आगे बढ़ाते हुए भड़वाल, झियोल, सिद्धपुर, गमरू और शीला सहित विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर जन संपर्क किया और लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को आगामी दिनों में नगर निगम के विभिन्न टैक्सों से भी जूझना पड़ सकता है। सुधीर शर्मा ने अपने घर को नगर निगम से बाहर रखा जबकि लोगों को परेशानियों में डाल दिया। देवेंद्र सिंह जग्गी ने कहा कि कर्मचारियों, महिलाओं, युवाओं, ग्रामीणों और आम जनता का पूरा सहयोग कांग्रेस व प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ है। हिमाचल प्रदेश में जनता के आशीर्वाद से बनी सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। बेईमानी और धोखाधड़ी कर जनमत का अपमान करने वाले बिकाऊ विधायकों को जनता सबक सिखाएगी और कांग्रेस के हाथ को मजबूत करेगी।

ओपीएस और इंदिरा गांधी प्यारी बहन सुख सम्मान योजना सहित विभिन्न जनहित योजनाओं की विरोधी भाजपा पार्टी पर लोगों को अब भरोसा नहीं है। देवेंद्र सिंह जग्गी ने कहा कि कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए सुधीर शर्मा जनता को यह बोल कर गुमराह कर रहे हैं कि 4 जून को प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और उनके पास सरकार में अहम पद होगा, इस बात की वह लोगों को झूठी गारंटी दे रहे हैं। जग्गी ने चुटकी लेते हुए कहा कि सुधीर शर्मा की यह गारंटी मोदी सरकार की गारंटियों की तरह फर्जी है, जिस पर लोग अब हंस रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सुधीर शर्मा पर लोग भरोसा न करें, वह अपने निजी स्वार्थ के लिए दूसरी पार्टियों में भी हाथ आजमा सकते हैं और प्रदेश में बार-बार पार्टियां बदलने वालों को प्रदेश की जनता हमेशा के लिए घर बिठा देती है। जग्गी ने कहा कि सुधीर शर्मा पहले कांग्रेस के गुणगान करते थे, पार्टी बदलने के बाद वह प्रधानमंत्री मोदी एवं भाजपा के गुणगान कर रहे हैं, वह दिन दूर नहीं जब वह भाजपा से भी गद्दारी करेंगे और भाजपा से गद्दारी करने के बाद वह प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना शुरू कर देंगे। जग्गी ने कहा कि सुधीर शर्मा भरोसे लायक नहीं हैं। पैसे के दम पर सुधीर शर्मा इस गलतफहमी में हैं कि वह चुनाव जीत जाएंगे, धर्मशाला की जनता उनकी जमानत जब्त करवाएगी। जग्गी ने कहा कि धर्मशाला का जन-बल कांग्रेस के हाथ के साथ है। जग्गी ने लोगों से आग्रह किया कि धर्मशाला उप-चुनाव और लोक सभा चुनाव के लिए वह कांग्रेस के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें। इस मौके पर देवेंद्र सिंह जग्गी के साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरभजन सिंह भज्जी, बाघणी पंचायत प्रधान सुरेश पप्पी, पूर्व प्रत्याशी विजय इंद्र कर्ण, महापौर नीनू शर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनीत धीमान, राकेश धीमान सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस एवं सेवादल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0