हल्दी के बीच दुल्हन फरार, शादी रुकी

ऊना में हल्दी रस्म के दौरान दुल्हन प्रेमी संग फरार। शादी रुकी, पुलिस ने FIR दर्ज कर तलाश शुरू की, दोनों परिवारों में तनाव।

May 6, 2026 - 11:58
 0  27
हल्दी के बीच दुल्हन फरार, शादी रुकी

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। बडूही (ऊना) 
उपमंडल अंब के एक गांव में शादी की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गईं, जब हल्दी की रस्म के दौरान दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस घटना से न केवल शादी समारोह बीच में ही रोकना पड़ा, बल्कि दोनों परिवारों में तनाव का माहौल भी बन गया है।

जानकारी के अनुसार, दूल्हे के घर में रिश्तेदारों और गांव के लोगों की मौजूदगी में पारंपरिक रस्में निभाई जा रही थीं। माहौल पूरी तरह खुशियों से भरा हुआ था और शादी को लेकर सभी बेहद उत्साहित थे। दूल्हे को हल्दी लगाने की रस्म चल रही थी, तभी अचानक दुल्हन के घर से उसके लापता होने की खबर सामने आई। यह सूचना मिलते ही समारोह में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि युवती का पहले से ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी तय होने के बावजूद दोनों आपस में संपर्क में थे और मौके का फायदा उठाकर युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई। घटना के बाद दूल्हे पक्ष के लोग स्तब्ध रह गए और परिवार को सामाजिक व मानसिक आघात पहुंचा है।

वहीं, लड़की के परिजनों का कहना है कि उन्हें इस संबंध में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है और मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर संदेह के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सभी संबंधित पुलिस थानों को अलर्ट कर दिया गया है और युवती व युवक की तलाश के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को ढूंढकर मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0