ऊना में जलभराव से राहत! बनेंगे नए नाले

ऊना शहर में जलभराव से राहत के लिए नगर निगम हिम कार्नर और नटराज होटल के पास नाले बनाएगा, बरसात से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य।

Apr 8, 2026 - 07:55
 0  72
ऊना में जलभराव से राहत! बनेंगे नए नाले

रोजाना हिमाचल ब्यूरो । ऊना 

ऊना शहर में हर साल बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की गंभीर समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। शहर के हिम कार्नर और नटराज होटल के समीप नए नालों का निर्माण किया जाएगा, जिससे बारिश के पानी की निकासी बेहतर हो सकेगी।

नगर निगम वार्ड नंबर-1 में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। खासकर हिम कार्नर के आसपास मुख्य सड़क पर बरसात के समय पानी जमा हो जाता है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसी तरह नटराज होटल के पास भी बारिश के दौरान जलभराव आम बात है।

स्थिति कई बार इतनी गंभीर हो जाती है कि अधिक बारिश के दौरान पुराने मिनी सचिवालय और पुलिस सिटी चौकी तक में पानी घुस जाता है। इससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

नगर निगम के अनुसार, दोनों स्थानों पर नालों के निर्माण के बाद बारिश का पानी सीधे निकासी व्यवस्था में चला जाएगा। इससे सड़कों पर पानी जमा नहीं होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। निगम ने इसके लिए प्रारंभिक सर्वे पूरा कर लिया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है।

नगर निगम का लक्ष्य है कि बरसात शुरू होने से पहले इन नालों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि इस बार लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके अलावा शहर के अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों का भी सर्वे किया जा रहा है और जहां जरूरत होगी, वहां भी निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि शहर में जलभराव की समस्या को खत्म करने के लिए निगम पूरी तैयारी के साथ काम कर रहा है और जल्द ही दोनों स्थानों पर नालों का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0