ऊना में जिंदा महिला को बताया मृत, रुकी पेंशन
ऊना के बंगाणा में जिंदा महिला को दस्तावेजों में मृत दिखाया गया, जिससे पेंशन रुक गई। प्रशासन ने जांच और जल्द बहाली का दिया आश्वासन।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। बंगाणा
उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत डीहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जीवित महिला को दस्तावेजों में मृत घोषित कर दिया गया। इस गंभीर लापरवाही के कारण महिला की वृद्धा पेंशन भी बंद हो गई, जिससे परिवार को परेशानी झेलनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार डीहर निवासी कमला देवी पत्नी देवराज को पंचायत द्वारा जारी सूची में मृत दर्शाया गया। मामला तब सामने आया जब उन्हें पेंशन नहीं मिली और जांच के दौरान यह गलती उजागर हुई। संबंधित दस्तावेज में कई लाभार्थियों के नाम शामिल थे, जिनमें कमला देवी का नाम भी था और उनके आगे मृत लिखा गया था। बताया जा रहा है कि दस्तावेज पर पंचायत प्रधान के हस्ताक्षर भी हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
हालांकि पंचायत अधिकारियों ने इसे तकनीकी त्रुटि बताते हुए जल्द सुधार का आश्वासन दिया है। कमला देवी के पुत्र शिव दयाल शर्मा ने मांग की है कि उनकी माता की पेंशन तुरंत बहाल की जाए। वहीं जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और यह देखा जाएगा कि बिना पर्याप्त दस्तावेजों के पेंशन कैसे रोकी गई। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पेंशन जल्द बहाल की जाएगी। ग्राम पंचायत डीहर की प्रधान कृष्णा देवी ने भी इसे गलती मानते हुए कहा कि जल्द ही पेंशन दोबारा शुरू कर दी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0