गंगा में नाव पर बीयर पार्टी! VIDEO से मचा बवाल
वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर बीयर पार्टी और डीजे डांस का वीडियो वायरल। श्रद्धालुओं में आक्रोश, पुलिस ने जांच शुरू की।
मोक्षदायिनी गंगा की पवित्रता को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है। गंगा के बीचों-बीच नाव पर बीयर पार्टी और डीजे पर अश्लील डांस का वीडियो वायरल होने के बाद वाराणसी में हड़कंप मच गया है। इस घटना से श्रद्धालुओं की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है।
मिली जानकारी के अनुसार, वाराणसी का नाविक समाज हर साल परंपरा के तहत दशाश्वमेध घाट से मिर्जापुर के बड़ी शीतला मंदिर तक शोभायात्रा निकालता है। बीती रात भी नाविकों का एक समूह बधावा लेकर यात्रा पर निकला था, लेकिन रास्ते में कुछ लोगों ने मर्यादा की सारी सीमाएं पार कर दीं। वायरल वीडियो में नाव पर डीजे लगाकर तेज संगीत बजाया जा रहा है और कुछ लोग बीयर पीते हुए नशे में डांस करते नजर आ रहे हैं। गंगा के बीच इस तरह की हरकत को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।
वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और धार्मिक भावनाएं आहत करने व सार्वजनिक स्थान पर नियम तोड़ने के आरोप में सख्त कार्रवाई की बात कही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि गंगा की पवित्रता के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब काशी में गंगा को लेकर विवाद सामने आया हो। हाल ही में गंगा में रोजा इफ्तार के दौरान मांसाहार के अवशेष फेंकने का मामला भी सामने आया था, जिसमें पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और गंगा की पवित्रता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0