बालू ग्लोआ में जागरूकता शिविर का किया आयोजन, ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ का दिया संदेश

बालू ग्लोआ में बुधवार को राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम पर ब्लॉक स्तरीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

Sep 23, 2026 - 20:15
 0  27
बालू ग्लोआ में जागरूकता शिविर का किया आयोजन, ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ का दिया संदेश

सुमन महाशा। कांगड़ा

बालू ग्लोआ में बुधवार को राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम पर ब्लॉक स्तरीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, मातृ एवं शिशु पोषण, कुपोषण की रोकथाम, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य एवं आईसीडीएस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

चिकित्सक डॉ. नितेश मनहास ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के प्रारंभिक वर्षों में संतुलित पोषण, स्तनपान, छह माह बाद पूरक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण तथा बच्चों की वृद्धि एवं विकास की निगरानी के महत्व पर प्रकाश डाला।

हेल्थ सुपरवाइजर ने व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने की सही विधि, स्वच्छ पेयजल और भोजन की स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। वहीं, आईसीडीएस सुपरवाइजर ने आंगनवाड़ी केंद्रों की विभिन्न सेवाओं, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, वृद्धि निगरानी तथा पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी।

बाल विकास परियोजना अधिकारी संदीप बग्गा ने कहा कि “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” केवल अभियान की थीम नहीं, बल्कि बच्चों और परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कुपोषण की रोकथाम के लिए परिवार और समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।

शिविर में बालू ग्लोआ के प्रधान भवानी शंकर और पूर्व प्रधान कमलेश देवी सहित स्थानीय महिलाओं, बच्चों और अभिभावकों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय पोषण माह को जन-आंदोलन बनाने और पोषण का संदेश हर परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0