ढलियारा ने पालमपुर को 96 रनों से हराया, सुजल की घातक गेंदबाजी से अगले दौर में बनाई जगह

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला द्वारा आयोजित इंटर कॉलेज क्रिकेट चैंपियनशिप ग्रुप-सी में राजकीय महाविद्यालय ढलियारा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय महाविद्यालय पालमपुर को बड़े अंतर से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।

Sep 25, 2026 - 21:16
 0  18
ढलियारा ने पालमपुर को 96 रनों से हराया, सुजल की घातक गेंदबाजी से अगले दौर में बनाई जगह

सुमन महाशा । कांगड़ा 

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला द्वारा आयोजित इंटर कॉलेज क्रिकेट चैंपियनशिप ग्रुप-सी में राजकीय महाविद्यालय ढलियारा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय महाविद्यालय पालमपुर को बड़े अंतर से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा के खेल मैदान में खेले जा रहे मुकाबलों में दूसरे दिन ढलियारा की टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में दमदार प्रदर्शन किया।

मैच में ढलियारा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम की शुरुआत लड़खड़ाने के बावजूद मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने पारी को संभाला। ढलियारा की पूरी टीम 16.2 ओवर में 106 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। सचिन ने सर्वाधिक 40 रन बनाए, जबकि अमन ने 15 और अर्जुन ने 14 रनों का योगदान दिया। पालमपुर की ओर से कुणाल ने तीन विकेट हासिल किए। प्रिंस, ईशान और ऋषभ ने दो-दो विकेट, जबकि मनजीत ने एक विकेट लिया।

107 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पालमपुर की टीम ढलियारा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 10.5 ओवर में महज 37 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। पालमपुर की ओर से कुणाल ने 18 और सैम ने 15 रन बनाए। ढलियारा के सुजल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। सौरव ने तीन और सचिन ने दो विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

इस अवसर पर नगर परिषद कांगड़ा के पार्षद अशोक शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह पटियाल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं। उन्होंने विजेता टीम को बधाई दी।

आयोजन सचिव डॉ. श्रेष्ठा ने बताया कि अगले दिन पहला मुकाबला रीजनल सेंटर धर्मशाला और नगरोटा, जबकि दूसरा मुकाबला डीएवी कॉलेज कांगड़ा और ढलियारा के बीच खेला जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0