बाण गंगा घाट कांगड़ा में 9 से 11 अक्टूबर तक होगा ‘फिट कांगड़ा-2026’ फेस्ट
कांगड़ा के ऐतिहासिक बाण गंगा घाट में युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से ‘फिट कांगड़ा-2026
सुमन महाशा। कांगड़ा
कांगड़ा के ऐतिहासिक बाण गंगा घाट में युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से ‘फिट कांगड़ा-2026 : एंटी चिट्टा, ड्रग फ्री यूथ फेस्ट’ का आयोजन किया जाएगा। फेस्ट की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा को लेकर एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि तीन दिवसीय फिट कांगड़ा-2026 फेस्ट 9, 10 और 11 अक्टूबर 2026 को बाण गंगा घाट में आयोजित होगा। फेस्ट के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें फिटनेस, कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजन के दौरान अलग-अलग दिनों में युवाओं के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें जुंबा क्लास, नुक्कड़ नाटक, गरबा-डांडिया, नाटी, भांगड़ा, टैलेंट हंट और भाषण प्रतियोगिता प्रमुख रहेंगी। इसके अलावा युवाओं में नशा विरोधी जागरूकता बढ़ाने के लिए अन्य मनोरंजक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए केवल जागरूकता अभियान ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि उन्हें अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि फिट कांगड़ा-2026 के माध्यम से युवाओं में फिटनेस, प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज की महत्वपूर्ण शक्ति है और स्वस्थ एवं नशामुक्त युवा ही मजबूत समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं। फेस्ट के दौरान बाण गंगा घाट पर संध्याकालीन आरती का भव्य आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0