महर्षि विद्या मंदिर नादौन में इन-हाउस टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम का हुआ शुभारंभ

महर्षि विद्या मंदिर, नादौन में 25 घंटे के तीन दिवसीय इन-हाउस टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुभारंभ स्कूल के प्रिंसिपल सुशील अवस्थी के मार्गदर्शन में हुआ।

Jul 14, 2026 - 20:34
 0  18
महर्षि विद्या मंदिर नादौन में इन-हाउस टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम का हुआ शुभारंभ

रूहानी नरयाल। नादौन

महर्षि विद्या मंदिर, नादौन में 25 घंटे के तीन दिवसीय इन-हाउस टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम का शुभारंभ स्कूल के प्रिंसिपल सुशील अवस्थी के मार्गदर्शन में हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में महर्षि विद्या मंदिर, नादौन तथा महर्षि विद्या मंदिर, रक्कड़ के समस्त शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु पूजन, प्राणायाम, ट्रान्सेंडेंटल मेडिटेशन सिद्धि एवं योगिक फ्लाइंग से हुआ। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन एवं भक्ति गीत के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर गैलेक्सी पब्लिक स्कूल, जवाली के प्रधानाचार्य अनुराग शर्मा ने मुख्य रिसोर्स पर्सन के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उनका स्वागत एवं सम्मान प्रधानाचार्य सुशील अवस्थी द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया। साथ ही महर्षि विद्या मंदिर, रक्कड़ के प्रधानाचार्य का भी मंच पर सम्मान किया गया। प्रथम शैक्षणिक सत्र में अनुराग शर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के संदर्भ में शिक्षक प्रशिक्षण की आवश्यकता एवं महत्त्व, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।

दोपहर के भोजन से पूर्व सभी प्रतिभागियों ने 15 मिनट का सामूहिक ट्रान्सेंडेंटल मेडिटेशन किया। अगले सत्र में शिक्षा के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। अनुराग शर्मा ने विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों के विकास में मूल्यपरक शिक्षा की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। यह सत्र अत्यंत प्रेरणादायक एवं विचारोत्तेजक रहा। इसके बाद शिक्षकों ने दिनभर के प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों, सीख एवं विचारों को साझा किया। पहले दिन के अंत में ध्यान शिक्षक अभिनव शुक्ला के मार्गदर्शन में ध्यान सत्र ने सभी प्रतिभागियों को नई ऊर्जा, प्रेरणा एवं आत्मविश्वास से भर दिया।

सुशील अवस्थी ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास, गुणवत्ता-पूर्ण शिक्षण एवं मूल्यपरक शिक्षा को सुदृढ़ बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0