कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान: अजय वर्मा

कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

Jul 23, 2026 - 20:17
 0  27
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान: अजय वर्मा

सुमन महाशा। कांगड़ा

कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। यह बात हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने नगर परिषद कांगड़ा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के शपथ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

समारोह में एसडीएम कांगड़ा डॉक्टर अंजली गर्ग ने सुमन वर्मा को अध्यक्ष पद और राजकुमारी को उपाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। सुमन वर्मा चौथी बार नगर परिषद कांगड़ा की अध्यक्ष बनी हैं।

अजय वर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और नगर परिषद की पूरी कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र को उसकी उचित पहचान दिलाने के प्रयास शुरू किए गए हैं और इसके लिए प्रदेश की यशस्वी मुख्यमंत्री का पूरा सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि कांगड़ा में जल्द ही कई विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। इनमें संयुक्त कार्यालय के मुख्य गेट का लगभग 15 लाख रुपये से निर्माण, तहसील चौक के केंद्र में बने स्थान का सौंदर्यीकरण, पुराना कांगड़ा तक सोलर लाइट, कांगड़ा किले तक तीन रेन शेल्टर, पुराना कांगड़ा में टाइल का कार्य और भूकंप की याद में बने पार्क का लगभग 15 लाख रुपये से सौंदर्यीकरण शामिल है।

इसके अलावा नए नगर परिषद कार्यालय के साथ अतिरिक्त कार्यालय स्थापित करने पर लगभग 40 लाख रुपये और टंडन क्लब के कार्य एवं सौंदर्यीकरण पर लगभग 90 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अजय वर्मा ने कहा कि ये सभी कार्य जल्द शुरू होंगे। उन्होंने पर्यटन निगम के अध्यक्ष आर एस बाली का भी टंडन क्लब सहित अन्य कार्यों में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में नगर परिषद कांगड़ा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर एस वर्मा ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। नगर परिषद अध्यक्षा सुमन वर्मा ने कहा कि वह अपनी टीम के साथ मिलकर कांगड़ा शहर का विकास करेंगी और लोगों के कार्यों में किसी भी तरह की कोताही नहीं होने दी जाएगी।

एसडीएम कांगड़ा डॉक्टर अंजली गर्ग ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि नगर परिषद कांगड़ा को उनका हमेशा सहयोग मिलता रहेगा। जिला परिषद सदस्य एवं स्वयंसेवी इशांत चौधरी ने मुख्य अतिथि और सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य, बीडीसी सदस्य, पंचायत प्रधान, उप प्रधान, वार्ड मेंबर और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने नगर परिषद सदस्यों, जिला परिषद सदस्यों, प्रधानों और अन्य गणमान्य लोगों को सम्मानित किया।

नगर परिषद कांगड़ा की नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष सुमन वर्मा, उपाध्यक्ष राजकुमारी, पूर्व अध्यक्ष कोमल शर्मा, पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार, भावना वर्मा, सुनील मोना, अनिल कुमार नीलू, रंजीता चौधरी और शुभम सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0