अटल टनल के पास तीन हिमस्खलन, शिमला में बर्फबारी

अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास तीन जगह हिमस्खलन से मार्ग बाधित, शिमला में हल्की बर्फबारी। जानें कब साफ होगा मौसम।

Feb 3, 2026 - 17:21
 0  45
अटल टनल के पास तीन हिमस्खलन, शिमला में बर्फबारी

कुल्लू। कुल्लू और लाहौल-स्पीति में 2900 मीटर से अधिक ऊंचे इलाकों में हिमखंड की चेतावनी के बीच मंगलवार को अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के समीप तीन अलग-अलग स्थानों पर हिमस्खलन हुआ। इससे मनाली-केलांग सड़क मार्ग करीब एक घंटे तक अवरुद्ध रहा। इस दौरान मार्ग पर कई टैक्सियां भी फंस गईं। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार बीती रात अटल टनल क्षेत्र में करीब एक फीट ताजा बर्फबारी हुई है। मौसम खुलने के बाद कुल्लू और लाहौल में हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। लाहौल घाटी का संपर्क कुल्लू-मनाली से कट गया है। आज भी कई भागों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। शिमला में मंगलवार दोपहर से रुक-रुककर बारिश हो रही है। शहर के रिज, मालरोड, जाखू सहित अन्य ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई है। माैसम लगातार ठंडा बना हुआ है। 

कहां कितनी बारिश-बर्फबारी
बीते 24 घंटों के दाैरान कल्पा में 10.5, केलांग 7.5, सांगला 6.5, कुकुमसेरी 5.8 व हंसा में 2.5 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। इसी तरह मनाली में 22.0, सराहन 10.5, कसोल 4.0, सियोबाग और सुजानपुर टिहरा 2.0, भुंतर 1.4, नगरोटा सूरियां 1.0, गुलेर 0.8, रामपुर 0.6 व कांगड़ा में 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

जानिए कब थमेगी बारिश-बर्फबारी
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 3 और 9 फरवरी को राज्य में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 6 और 8 फरवरी 2026 को ऊंची पहाड़ियों पर एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 4, 5 और 7 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आज राज्य के अधिकतर जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 

किन्नौर में ताजा बर्फबारी, कई सड़कों पर यातायात ठप
किन्नौर में मंगलवार सुबह भी ताजा बर्फबारी हुई।  ताजा बर्फबारी के बाद संपर्क सड़कों सहित रिकांगपिओ से काजा हाईवे पर भी यातायात बाधित हुआ है। दोपहर को मौसम साफ हो गया। मौसम साफ होते ही सड़कों को खोलने का काम भी शुरू हो गया है। वहीं लोग भी घरों की छतों से बर्फ हटाने में जुट गए हैं। कल्पा, सांगला, नाको में सुबह बर्फबारी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0