धर्मशाला में भाजपा की प्रचंड जीत! कांग्रेस 5 सीटों पर सिमटी, सुधीर शर्मा बोले- जनता ने सुक्खू सरकार को दिया जवाब
धर्मशाला नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 17 में से 11 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। विधायक सुधीर शर्मा ने इसे कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता का जनादेश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल पर भरोसा बताया।
धर्मशाला।
धर्मशाला नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत पर भाजपा नेता एवं धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश बताया है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला नगर निगम की 17 सीटों में से भाजपा ने 11 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि कांग्रेस केवल 5 सीटों तक सिमट गई। वहीं एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा। उन्होंने कहा कि यह परिणाम दर्शाता है कि जनता ने भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और आम जनता की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है। यही कारण है कि जनता ने चुनावों में कांग्रेस के प्रति अपना असंतोष व्यक्त किया है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला की जनता ने विकास, सुशासन और जनहित की राजनीति को समर्थन दिया है। उन्होंने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और मजबूत नेतृत्व पर जनता की मुहर बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली और विकास मॉडल पर लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। धर्मशाला नगर निगम चुनाव के नतीजे इस बात का प्रमाण हैं कि जनता विकास और जवाबदेही की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है।
विधायक सुधीर शर्मा ने सभी विजयी भाजपा प्रत्याशियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और धर्मशाला की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है और धर्मशाला के विकास को नई गति देने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0