रोजाना हिमाचल ब्यूरो। शिमला
हिमाचल प्रदेश में बीपीएल और पीएचएच परिवारों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट (NFSA) के तहत इन परिवारों को 35 किलो राशन दिया जाएगा, जिसमें 15 किलो चावल पूरी तरह मुफ्त रहेगा, जबकि आटे पर मामूली शुल्क लिया जाएगा।
पीएचएच परिवारों को प्रति सदस्य के हिसाब से अतिरिक्त राशन भी मिलेगा। वहीं एपीएल परिवारों को भी राहत देते हुए इस माह 12 किलो आटा और 6 किलो चावल तय दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा।
हालांकि राशन के साथ रिफाइंड तेल के दामों में 10 रुपए की बढ़ोतरी हुई है, जिससे अब यह 135 रुपए में मिलेगा। वहीं सरसों तेल के दामों में 7 रुपए की कमी कर इसे 153 रुपए में उपलब्ध करवाया जा रहा है।
खाद्य आपूर्ति विभाग के अनुसार प्रदेश के 1.80 लाख से अधिक परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा और राशन डिपुओं में उपलब्ध करवाया जा चुका है।