धर्मशाला हलके की टूटी कूहलों को ठीक करवाया जाएगा, जाइका-जलशक्ति की ली जाएगी मदद : चौधरी हरभजन सिंह
बरसात में धर्मशाला हलके की कई कूहलों को नुकसान हुआ है। इन कूहलों को क्रमवार ठीक करवाया जाएगा।

ब्यूरो। रोजाना हिमाचल
बरसात में धर्मशाला हलके की कई कूहलों को नुकसान हुआ है। इन कूहलों को क्रमवार ठीक करवाया जाएगा। यह बात ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी हरभजन सिंह ने हलके की 28 पंचायतों से अपने वर्कर्ज से फीडबैक लेने के बाद कही। कई दौरों और लोगों से वर्चुअल मीटिंगों के बाद चौधरी हरभजन सिंह ने बताया इन कूहलों को जाइका, जलशक्ति विभाग, पीडब्ल्यूडी, भू-संरक्षण विंग, ब्लाक व जिला प्रशासन की मदद से ठीक करवाया जाएगा। चूंकि अभी धान की फसल अपने चरम पर है, ऐसे में कूहलों को तुरंत ठीक करवाकर धान व अन्य नकदी फसलों को सिंचाई सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। रविवार को बाद दोपहर दो बजे धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी व मेयर रहे देवेन्द्र जग्गी कनेड में लोगों की समस्याएं सुनेंगे। पूर्व में भाजपा सरकार के कार्यकाल में कूहलों का नैटवर्क कमजोर हुआ है। भाजपा ने कूहलों की तरफ ध्यान नहीं दिया। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी हरभजन सिंह ने बताया कि धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी रहे देवेंद्र जग्गी ने जनता से मिली समस्याओं को खुद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू तक पहुंचाया है। इसके बाद कई विभागों को जिला प्रशासन के पास ये समस्याएं रखी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि कई जगह जलशक्ति विभाग ने पानी की पाइपें नालियों में डाली हैं, उन्हें वहां से हटाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग से सडक़ों किनारे ड्रेनेज को मजबूत करवाया जाएगा। अभी सकोह रोड, दाड़ी, मंदल, सुक्कड़ और सराह में कई स्थानों पर ड्रेनेज में दिक्कत आई है। बरसात थमते ही इस काम को करवाया जाएगा। चौधरी हरभजन सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार शानदार काम कर रही है। हर वर्ग का ख्याल रखा जा रहा है।
ओबीसी भवन की फिनिशिंग करवाएंगे
चौधरी हरभजन सिंह ने कहा कि पास्सू में ओबीसी भवन का काम पूरा करवाया जाएगा। इसके अलावा धर्मशाला में किसान भवन बनाने का भी प्रयास किया जाएगा। चौधरी हरभजन सिंह ने कहा कि शहर में भी सडक़ों और नालियों को क्रमवार ठीक करवाया जाएगा।
What's Your Reaction?






