मुख्यमंत्री का गलोड दौरा फ्लॉप शो : पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री
पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के गलोड दौरे को फ्लॉप शो करार दिया है।

रूहानी नरयाल। नादौन
पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के गलोड दौरे को फ्लॉप शो करार दिया है। नादौन में मंडल भाजपा की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा गलोड क्षेत्र के लोगों को एक बार फिर मायूस कर गया है। उन्होंने कहा कि इस दौर से लोगों को मुख्यमंत्री से कई उम्मीदें थी परंतु मुख्यमंत्री यहां आकर लोगों की समस्याओं के प्रार्थना पत्र लेकर वापिस शिमला चले गए। अग्निहोत्री ने कहा कि गलोड क्षेत्र के लोगों की उम्मीद थी कि जिस तरह से जल शक्ति विभाग का कार्यालय नादौन में दोबारा आरंभ कर दिया गया है, उसी तर्ज पर सरकार द्वारा बंद किए गए गलोड कॉलेज और लजियाना में हेल्थ सेंटर को दोबारा खोलने की मुख्यमंत्री घोषणा करेंगे।
यह दोनों संस्थान गत भाजपा सरकार के समय खोले गए थे, परंतु वर्तमान सरकार ने उन्हें सत्ता में आते ही बंद कर दिया था। अग्निहोत्री ने कहा कि राजनीतिक द्वेश के कारण मुख्यमंत्री ने इन्हें दोबारा नहीं खोला है। अग्निहोत्री ने कहा की गलोड क्षेत्र के लोगों के साथ राजनीतिक बदला लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नादौन का मिनी सचिवालय भी आजकल सरकारी कार्यालय की बजाय कांग्रेस भवन ज्यादा दिख रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने गलोड कॉलेज और लजीयाना हेल्थ सेंटर दोबारा नहीं खोला तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
What's Your Reaction?






