धुम्मू शाह मेले में दंगल का धमाकेदार आगाज

धर्मशाला के धुम्मू शाह मेले में दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ, महापौर नीनू शर्मा ने परंपरा और खेलों के महत्व पर दिया जोर।

Apr 11, 2026 - 10:42
 0  63
धुम्मू शाह मेले में दंगल का धमाकेदार आगाज
धुम्मू शाह मेले में दंगल का धमाकेदार आगाज

रोज़ाना हिमाचल ब्यूरो। धर्मशाला
दाड़ी स्थित ऐतिहासिक धुम्मू शाह मेले के दूसरे दिन भराड़ी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नीनू शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

महापौर नीनू शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मेलों के पारंपरिक स्वरूप का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है, ताकि युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जुड़ी रह सके। उन्होंने कहा कि धुम्मू शाह मेला जन-आस्था से जुड़ा एक प्राचीन और महत्वपूर्ण आयोजन है।

उन्होंने कहा कि भारत में कुश्ती का खेल देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रहा है और ऐसे मेलों में दंगल का आयोजन इस खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और युवाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ने में सहायक सिद्ध हो रहा है।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि देवेंद्र जग्गी ने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने बच्चों में कुश्ती के प्रति बढ़ते उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यही युवा भविष्य में स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय स्टेडियम के लिए 3 करोड़ रुपये तथा युवाओं के लिए हॉस्टल निर्माण हेतु विशेष बजट का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त, कॉलेज स्तर पर शूटिंग खेल के लिए भी 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इससे पूर्व मेला अधिकारी एवं एसडीएम मोहित रत्न ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और मेले के आयोजन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेले के सफल आयोजन में आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पुरुष और महिला पहलवानों ने अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उप महापौर तेजिंदर कौर, आरटीए सदस्य सुरेश पप्पी, पार्षद अनुराग शर्मा, नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर सुरेंद्र कुमार, प्रदीप चौधरी सहित मेला कमेटी के सदस्य और अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0