डायट गौना करौर में पुरस्कारों की बरसात, मेधावी चमके

डायट गौना करौर नादौन में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित। विधायक कमलेश ठाकुर ने मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित कर शिक्षा के मूल्यों पर दिया जोर।

Feb 7, 2026 - 21:57
 0  45
डायट गौना करौर में पुरस्कारों की बरसात, मेधावी चमके

नादौन। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौना करौर के प्रांगण में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

संस्थान परिसर में पहुंचने पर स्थानीय लोगों, छात्र-प्रशिक्षुओं एवं संस्थान के अधिकारियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों, ढोल-नगाड़ों और फूल मालाओं के साथ विधायक कमलेश ठाकुर का भव्य स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। उपस्थित जनसमूह एवं भावी शिक्षकों को संबोधित करते हुए विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक अच्छे इंसान का निर्माण करना है।  उन्होंने प्रदेश सरकार की शिक्षा नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्य अतिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया। सत्र के बेस्ट ट्रेनी, खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विधायक कमलेश ठाकुर ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर छात्र-अध्यापकों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उन्हें मुख्यमंत्री के समक्ष उठाकर त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

समारोह में शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारी, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, संस्थान का समस्त स्टाफ, अभिभावक एवं छात्र उपस्थित रहे। संस्थान प्रशासन ने इस आयोजन को स्मरणीय बताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0