AI और कंप्यूटेशनल थिंकिंग पर कांगड़ा में मंथन! 11 स्कूलों के शिक्षकों ने पेश किए नवाचार के मॉडल
जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा में आयोजित जिला स्तरीय गोष्ठी में सीबीएसई स्कूलों के शिक्षकों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और कंप्यूटेशनल थिंकिंग पर विचार साझा किए। 11 स्कूलों के शिक्षकों ने प्रेजेंटेशन प्रस्तुत कीं।
कांगड़ा। सुमन महाशा
जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं कंप्यूटेशनल थिंकिंग विषय पर जिला स्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान सीबीएसई से संबद्ध विभिन्न स्कूलों के विषय विशेषज्ञों ने कंप्यूटर के सभी विषयों में गणनात्मक समावेश, कंप्यूटेशनल थिंकिंग में आ रहे बदलावों तथा नई चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रधानाचार्य एवं स्थल निदेशक डॉ. सुरेश शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होने जा रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक और कंप्यूटर के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों के साथ स्वयं को अपडेट करना समय की आवश्यकता है, अन्यथा हम प्रतिस्पर्धा में पीछे रह जाएंगे।
जिला स्तरीय इस गोष्ठी में 11 विद्यालयों के 10 शिक्षकों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की कंप्यूटेशनल थिंकिंग को विकसित करने, शिक्षा में AI के उपयोग तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर विशेष जोर दिया गया।
प्रस्तुतियों का मूल्यांकन सीबीएसई द्वारा गठित ज्यूरी ने किया, जिसमें गैलेक्सी स्कूल के प्रधानाचार्य अनुराग शर्मा, केंद्रीय विश्वविद्यालय से मनोज धीमान तथा केंद्रीय विद्यालय योल से संजीव शर्मा शामिल रहे। ज्यूरी ने तीन सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतियों का चयन कर उन्हें सीबीएसई के रीजनल सेंटर पंचकूला भेजा।
चयनित प्रतिभागियों को नवंबर माह में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय गोष्ठी में अपनी प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।
गोष्ठी में जीडी गोयंका स्कूल की प्रियंका टांक, जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा के जगदीप शर्मा, न्यू मिलेनियम स्कूल की अनु वालिया, ग्रीन फील्ड स्कूल की मोना ठाकुर, आर्मी पब्लिक स्कूल योल के आदित्य शर्मा, स्टैनफोर्ड स्कूल की आरती, स्कॉलर्स इंटरनेशनल स्कूल की सुमन सैनी, वेदधारा स्कूल के अभिनंदन गुलेरिया, रेनबो स्कूल की पूनम शर्मा तथा हाईलैंड स्कूल की कनिका धीमान सहित विभिन्न शिक्षकों ने अपने विचार एवं प्रस्तुतियां साझा कीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0