कांगड़ा प्रवास पर राज्यपाल पहुंचे वेद आश्रम, स्वामी राम स्वरूप योगाचार्य से लिया आशीर्वाद

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कांगड़ा के योल स्थित वेद आश्रम का दौरा कर स्वामी राम स्वरूप योगाचार्य से भेंट की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना करते हुए वैदिक ज्ञान और भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर बल दिया।

Jun 15, 2026 - 20:54
 0  18
कांगड़ा प्रवास पर राज्यपाल पहुंचे वेद आश्रम, स्वामी राम स्वरूप योगाचार्य से लिया आशीर्वाद

सुमन महाशा। कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने अपने कांगड़ा प्रवास के दौरान योल स्थित वेद आश्रम का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने वेद आश्रम के संस्थापक एवं प्रख्यात वैदिक विद्वान स्वामी राम स्वरूप योगाचार्य से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण के लिए प्रार्थना की तथा आश्रम में चल रही वैदिक शिक्षा एवं आध्यात्मिक गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता की मूल चेतना वेदों में निहित है। वेद ज्ञान मानवता को सत्य, सदाचार और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आध्यात्मिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

कविंद्र गुप्ता ने स्वामी राम स्वरूप योगाचार्य द्वारा वेदों के अध्ययन, अनुसंधान और प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य भारतीय ज्ञान परंपरा को सशक्त बनाने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आश्रम समाज में नैतिकता, आध्यात्मिकता और मानव कल्याण के मूल्यों को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं। राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि वेद आश्रम भविष्य में भी वैदिक ज्ञान के प्रसार और समाज के नैतिक उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा आश्रम से जुड़े गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0