8.5 करोड़ की पेयजल योजना अंतिम चरण में, काजल का बड़ा दावा
हिमाचल में 8.5 करोड़ की पेयजल योजना अंतिम चरण में। विधायक पवन काजल ने पंचायत चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।
सुमन महाशा। कांगड़ा
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व विधायक पवन काजल ने कहा कि गाहलियां, रानीताल और ठाकुरद्वारा पेयजल योजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। लगभग साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से विधायक प्राथमिकता योजना के तहत बन रही इस योजना से ठाकुरद्वारा, गाहलियां, रानीताल, सलाड़ी, रजियाना बांध और आसपास की पंचायतों के लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी। काजल सोमवार को जनसंपर्क अभियान के दौरान सलाड़ी गांव में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है और नशा तथा गैंगस्टर माफिया सक्रिय हो गए हैं। प्रदेश सरकार की आर्थिक बदहाली के कारण क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े हैं, जिससे जनता परेशान है। काजल ने ग्रामीणों से पंचायत चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील की।
साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मजबूत उम्मीदवारों का चयन करने और उनकी जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की कार्यप्रणाली से निराश है और आने वाले चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब देगी।
इस अवसर पर काजल ने सलाड़ी गांव में विद्युत मोटर चालित हैंडपंप का शुभारंभ भी किया, जिससे लगभग 15 परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। कार्यक्रम में उपप्रधान देशराज, दुलोराम, परवीन, सुरेश, नीलम सहित कई लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0