शहरी निकाय और नगर निगमों के चुनाव का एलान, आचार संहिता लागू
हिमाचल में 51 शहरी निकायों के चुनाव 17 मई 2026 को होंगे। आचार संहिता लागू, नामांकन 29 अप्रैल से शुरू, जानें पूरी चुनाव प्रक्रिया।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। शिमला
हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय और नगर निगम चुनावों का एलान हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने 17 मई को मतदान की तारीख तय की है। इसके साथ ही प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई है और चुनावी माहौल तेज हो गया है।
प्रदेश के कुल 51 शहरी निकायों में चुनाव कराए जाएंगे, जिनमें 4 नगर निगम (सोलन, मंडी, धर्मशाला, पालमपुर), 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायत शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।
नामांकन प्रक्रिया 29, 30 अप्रैल और 2 मई तक चलेगी, जबकि 4 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 6 मई को नाम वापसी का दिन तय किया गया है। इसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। नगर परिषद और पंचायतों के नतीजे उसी दिन घोषित होंगे, जबकि नगर निगमों की मतगणना 31 मई को की जाएगी।
इस बार करीब 3.6 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1808 युवा पहली बार वोट डालेंगे। उम्मीदवारों के लिए खर्च सीमा भी तय की गई है, नगर निगम के लिए 1 लाख, नगर परिषद के लिए 75 हजार और नगर पंचायत के लिए 50 हजार रुपये।
पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों की घोषणा 27 अप्रैल के बाद होने की संभावना है। वहीं, चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को 31 मई तक मुख्यालय में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0