31 जुलाई तक 40% बकाया जारी करे सरकार: पेंशनर्स महासंघ
हिमाचल पेंशनर्स महासंघ की कांगड़ा बैठक में सरकार से 31 जुलाई तक 40% बकाया राशि जारी करने, डीए भुगतान और ओपीएस लाभ देने की मांग उठाई गई।
सुमन महाशा। कांगड़ा
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की खंड कांगड़ा इकाई की बैठक सागर पैलेस, घुरकड़ी चौक (मटौर) में खंड प्रधान हरवंश लाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त पेंशनर्स ने भाग लिया। इस दौरान लंबित वित्तीय देयकों, महंगाई भत्ते और ओपीएस सहित कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में महासंघ ने प्रदेश सरकार से 31 जुलाई 2026 से पहले जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों की 40 प्रतिशत लंबित राशि जारी करने की अधिसूचना जारी करने की मांग की। महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि तय समय तक घोषणा नहीं हुई तो आगामी माह से आंदोलन तेज किया जाएगा।
लंबित वित्तीय लाभों पर जताई नाराजगी
बैठक में जिला अध्यक्ष मदन चौधरी और प्रदेश कोषाध्यक्ष किशोरी लाल विशेष रूप से मौजूद रहे। हाल ही में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का स्वागत कर उन्हें महासंघ की सदस्यता भी दिलाई गई।
महासंघ ने आरोप लगाया कि सरकार पेंशनरों के वित्तीय लाभों का भुगतान टुकड़ों में कर रही है, जबकि नियमानुसार पेंशन संबंधी देय राशि एकमुश्त दी जानी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि अलग-अलग श्रेणियों में भुगतान की नीति से पेंशनर्स स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
इन मांगों को जल्द पूरा करने की अपील
बैठक में सरकार के समक्ष प्रमुख मांगें रखी गईं—
- 31 जुलाई 2026 से पहले 40 प्रतिशत लंबित राशि जारी की जाए।
- 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) की किश्तें तुरंत जारी हों।
- शहरी निकाय कर्मचारियों को वर्ष 2016 के वेतनमान का लाभ दिया जाए।
- लगभग 7,000 कर्मचारियों को ओपीएस के दायरे में लाया जाए।
- परिवहन एवं बिजली विभाग/बोर्ड के पेंशनरों को भी ओपीएस का लाभ दिया जाए।
- पेंशन और वेतन का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
संयुक्त संघर्ष समिति की उपलब्धियों का भी उल्लेख
बैठक में बताया गया कि हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के प्रयासों से 18 संगठनों की 14 में से 6 मांगों पर सरकार ने अमल किया है, जिससे पेंशनर्स को कुछ राहत मिली है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और पेंशनर्स के बकाया भुगतान की प्रक्रिया शुरू होने तथा 65 से 70 वर्ष आयु वर्ग के पेंशनर्स को राशि देने का आश्वासन मिलने का भी स्वागत किया गया।
कारगिल वीरों को दी श्रद्धांजलि
बैठक के अंत में सदस्यता ग्रहण करने वाले नए सदस्यों के साथ कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य देव प्रकाश, अश्विनी बत्रा, निरंजन, सुरेश, देवी लाल, अवतार कृष्ण, अजय कोटी, कृष्ण पटियाल, हरवंश लाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0