हिमाचल में टोल टैक्स में राहत, कई वाहन हुए फ्री
हिमाचल में टोल टैक्स नीति में बड़ा बदलाव। लाइट कॉमर्शियल वाहन, टैक्सी समेत कई गाड़ियों को राहत, ट्रकों के रेट भी घटाए गए।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। शिमला
हिमाचल सरकार ने टोल टैक्स नीति में एक और बदलाव किया है। बजट सत्र समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि अब हिमाचल के लाइट कॉमर्शियल व्हीकल, पिकअप, टैक्सी, टाटा और छोटा हाथी थ्री व्हीलर को टोल से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि चार से छह टायर वाले ट्रक की रेट पिछले साल की तरफ 320 रुपए किया है, जबकि थ्री एक्सेल वाले 10, 12 और 14 टायर वाले ट्रकों का रेट कम करके 570 रुपए रखा है। इसी तरह दूसरे राज्य के पैसेंजर कार के रेट को 130 से कम करके 100 रुपए कर दिया है। सीएम ने कहा कि बॉर्डर एरिया में किसी भी राज्य के रहने वाले लोगों को पांच किलोमीटर के दायरे में पास की सुविधा उपलब्ध करवाई है।
मुख्यमंत्री ने पंचायत चुनाव में पांच प्रतिशत आरक्षण की शक्ति उपायुक्तों को देने को लेकर भाजपा की तरफ से उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि जो शक्तियां डीसी को दी गई हैं, जरूरी नहीं है कि उन्हें इंप्लीमेंट करना है। कई जगह पंचायत ओबीसी रिजर्व होती है और कैंडिडेट नहीं मिलता। ऐसी विशेष परिस्थिति में इंप्लीमेंट करने की शक्तियां दी गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह मेंडेटरी नहीं है कि प्रतिशत चेंज करना है।
इस दौरान उन्होंने पंचायत चुनाव 31 मई से पहले होने की बात भी कही। डीजल-पेट्रोल पर लगाए जाने वाले सेस के मुद्दे पर सीएम ने कहा कि नेशनल मीडिया ने इस मामले में झूठा प्रचार किया है। सरकार ने पेट्रो पदार्थों के दाम नहीं बढ़ाए हैं। नेशनल मीडिया यह साबित करने की कोशिश कर रहा है कि रेट बढ़ा दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0