हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, कई जिलों में येलो अलर्ट
हिमाचल में मौसम फिर बदलेगा, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी। तेज हवाएं, बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। शिमला
हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश और बर्फबारी के बाद शुक्रवार को भले ही मौसम साफ रहा और लोगों ने धूप का आनंद लिया, लेकिन यह राहत ज्यादा समय तक रहने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने एक बार फिर प्रदेश में मौसम खराब होने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शनिवार को मंडी, चम्बा, शिमला, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में कई स्थानों पर तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि 12 अप्रैल को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि 13 और 14 अप्रैल को मौसम साफ रहने के आसार हैं। इसके बाद 15 और 16 अप्रैल को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश में तेज हवाएं और बारिश होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। गुलेर में सबसे अधिक 10.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा जोत, कांगड़ा और मंडी में भी अच्छी बारिश हुई। शिमला, भुंतर और कांगड़ा में बिजली चमकने की घटनाएं सामने आईं, जबकि शिलारू में ओलावृष्टि और सुंदरनगर में हल्का कोहरा दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल के पहले 10 दिनों में प्रदेश में सामान्य से 142 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। बिलासपुर में सामान्य से 910 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई, जबकि सोलन में 625 प्रतिशत और सिरमौर में 536 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। वहीं मंडी और शिमला में भी सामान्य से 380 प्रतिशत से अधिक वर्षा दर्ज की गई।
पूरे प्रदेश में 1 से 10 अप्रैल के बीच 55.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 22.9 मिलीमीटर वर्षा होती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0