मजदूर यूनियन सीटू ने श्रम कल्याण बोर्ड और सरकार के खिलाफ किया  विरोध प्रदर्शन 

बुधवार को हिमाचल भवन,सड़क एवं अन्य  निर्माण मजदूर यूनियन संबंधित सीटू ने श्रम कल्याण बोर्ड व प्रदेश सरकार के खिलाफ नादौन ब्लॉक के धनियारा, बैरु, रक्कड़, बाड़ी गांव में विरोध प्रदर्शन किए।

Mar 20, 2024 - 19:10
 0  279
मजदूर यूनियन सीटू ने श्रम कल्याण बोर्ड और सरकार के खिलाफ किया  विरोध प्रदर्शन 

रूहानी नरयाल। नादौन

बुधवार को हिमाचल भवन,सड़क एवं अन्य  निर्माण मजदूर यूनियन संबंधित सीटू ने श्रम कल्याण बोर्ड व प्रदेश सरकार के खिलाफ नादौन ब्लॉक के धनियारा, बैरु, रक्कड़, बाड़ी गांव में विरोध प्रदर्शन किए। प्रदर्शनों को सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉक्टर कश्मीर सिंह ठाकुर व हिमाचल भवन सड़क एवं अन्य निर्माण मजदूर यूनियन के राज्य अध्यक्ष जोगिंदर कुमार ने संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से ही श्रम कल्याण बोर्ड में मजदूरों का पंजीकरण व नवीनीकरण नहीं हो रहा है। इसी कड़ी में नादौन ब्लॉक के गांव कंडरोला, जोल सप्पड़, अप्पर सोहारी गांवों में मजदूरों ने प्रदर्शनों किए और सरकार और श्रम कल्याण बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ जमकर रोष निकाला। उनका कहना है कि मजदूरों के लंबित लाभ जारी नहीं किए जा रहे हैं जिसके लिए मजदूर लगातार अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते आ रहे हैं। इस संबंध में वह लोग मुख्य मंत्री सहित  सरकार के प्रतिनिधियों से कई बार मिल चुके हैं। उनका आरोप है कि श्रम कल्याण बोर्ड के सचिव और जिलों में श्रम कल्याण अधिकारी अलग अलग तरह की बात करते हैं। जिलों में काम करने के अलग-अलग पैमाने तय हैं। उनका कहना है कि अपनी मनमर्जी के मुताबिक श्रम कल्याण अधिकारियों द्वारा 1996 में बने कानून को अब नए तरीके से परिभाषित किया जा रहा है और नए बहाने बनाकर गरीब मजदूरों को परेशान किया जा रहे हैं।

मजदूरों का कहना है कि 1996 में निर्माण मजदूरों के लिए बने इस कानून के तहत श्रम कल्याण बोर्ड में मजदूरों का पंजीकरण व नवीनीकरण होता है और मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा जैसे बच्चों को पढ़ाने के लिए छात्रवृत्ति, बीमारी की स्थिति में इलाज, बच्चों की शादी के लिए, बुढ़ापे में पेंशन आदि का सहारा इत्यादि लाभ दिए जाते हैं। परंतु नए श्रम अधिकारियों की मनमर्जी और गैर जिम्मेदाराना व्यवहार से हमीरपुर जिला के हजारों मजदूर बेहद परेशान है इसलिए यूनियन ने अब गांव-गांव में कल्याण बोर्ड और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है। मजदूरों का कहना है कि अगर निर्माण मजदूरों के कल्याण बोर्ड ने लाभ जारी नहीं किए गए और मजदूरों का नवीनीकरण व पंजीकरण पहले की तरह नहीं शुरू किया गया तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस दौरान सुनीता, विपना, अंजना देवी, सरोज, बौबी, राजेंद्र वाला सहित दर्जनों लोगों ने हिस्सा लिया। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि मजदूरों की मांगें नहीं मानी गई तो आने वाले लोकसभा चुनावों में सरकार के प्रतिनिधियों का काले झंडों के साथ स्वागत किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0