बकरियों के बाड़े में घुसा तेंदुआ, दो लोगों पर किया हमला, कुत्तों ने बचाईं बकरियां
सिरमौर के नाहन में तेंदुआ बकरियों के बाड़े में घुसा, 2 लोगों पर हमला। कुत्तों ने रातभर मुकाबला किया, वन विभाग ने किया रेस्क्यू।
सिरमाैर । सिरमाैर जिले के उपमंडल नाहन के सतीवाला-बोहलियों में रविवार रात एक तेंदुआ बकरियों के बाड़े में आ धमका। कुत्तों के झुंड ने बकरियों की रक्षा की और तेंदुए को बकरियों पर हमला करने से रोककर रखा। बाड़े में बकरियों की देखभाल करने दो लोग पहुंचे तो तेंदुए ने उनपर भी हमला कर दिया और दोनों जख्मी हो गए। किसी तरह उन्होंने खुद को तेंदुए से बचाया। इसके बाद तेंदुए और कुत्तों के बीच भी काफी देर तक संघर्ष चलता रहा।
तेंदुआ जब बुरी तरह से घायल हो गया तो उसने एक बड़े पाइप में घुसकर अपनी जान बचाई। कुत्तों और तेंदुए के बीच संघर्ष का वीडियो भी सामने आया है। उधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से तेंदुआ आसपास मंडरा रहा था। जानकारी मिलते ही वन्य प्राणी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ बुरी तरह से घायल हुआ है।
सतीवाला पंचायत से प्रधान रहे कमल शर्मा ने बताया कि तेंदुआ यहां एक बकरी फार्म पर रात को पहुंचा। कुत्ते भी जख्मी हुए हैं। उधर, वन्य प्राणी विभाग के डीएफओ शिमला डाॅ. शहनवाज अहमद ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद टीम मौके पर भेजी गई थी। तेंदुए को रेस्क्यू कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कुत्तों के हमले व पत्थर आदि मारे जाने से तेंदुआ बुरी तरह से घायल हुआ है। तेंदुए को उपचार के लिए शिमला में पुनर्वास केंद्र में लाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0